रायपुर {वफादार साथी}|छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका कर्मचारी मजदूर संघ द्वारा नई टेंडर TR-09 में उल्लेखित अन्यायपूर्ण नियमों एवं शर्तों के विरोध में आज दिनांक 06/01/2026 को बिजली मुख्यालय, रायपुर के सामने एक दिवसीय आम सभा का आयोजन किया गया। इस आम सभा में संघ द्वारा पाँच प्रमुख माँगें प्रबंधन के समक्ष रखी गईं।
आम सभा
के उपरांत कार्यपालक निदेशक एवं प्रबंध निदेशक के साथ बैठक कर ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान राधेश्याम जायसवाल जी (राष्ट्रीय मंत्री, भारतीय मजदूर संघ – उद्योग प्रभारी), एस.के. मजूमदार (ठेका प्रभारी, छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ), जी महेश ( प्रदेश कार्यकारणी सदस्य, छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ), रामानंद शर्मा(मंत्री, छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ), सोमन साहू (महामंत्री, छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका कर्मचारी संघ), कमलेश वर्मा जी (कार्यकारिणी अध्यक्ष) तथा कार्यकारिणी सदस्य गोपाल साहू, गोविंद सोनी, लखन साहू, ज्ञानेंद्र वर्मा एवं सुरेंद्र सिन्हा जी उपस्थित रहे।
बैठक में पाँच प्रमुख बिंदुओं पर प्रबंधन के साथ गहन चर्चा हुई। इस दौरान राधेश्याम जायसवाल जी ने प्रबंधन को अवगत कराया कि टेंडर TR-09 में 3.5 सब-स्टेशन सहायक ऑपरेटर की शर्त अत्यंत अन्यायपूर्ण है, जिसके कारण लगभग 950 सब-स्टेशन ऑपरेटरों की नौकरी समाप्त हो सकती है। इस पर प्रबंधन ने तत्काल निराकरण का आश्वासन दिया तथा जहाँ-जहाँ ऑपरेटरों को नौकरी से निकाला गया है, वहाँ फोन के माध्यम से तत्काल बहाली के निर्देश दिए।
एस.के. मजूमदार जी द्वारा FOC कर्मचारियों के लिए सामूहिक बीमा योजना, मूलभूत सुविधाओं तथा वेतन संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस पर प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही बीमा पॉलिसी बनाकर FOC कर्मचारियों को लाभ दिया जाएगा तथा वेतन संबंधी समस्याओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि जहाँ कहीं भी वेतन से संबंधित समस्या हो, उसे तत्काल संघ के माध्यम से अवगत कराया जाए।
सोमन साहू जी ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व मनाना सभी ठेका कर्मचारियों का अधिकार है और उस दिन कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों को दोगुना वेतन दिया जाना चाहिए। इस विषय पर प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि तत्काल समीक्षा कर मध्यप्रदेश के मॉडल के आधार पर अध्ययन करते हुए इस प्रावधान को टेंडर नियमों में शामिल किया जाएगा।
कमलेश वर्मा जी द्वारा सब-स्टेशन ऑपरेटर पद को लेकर कहा गया कि पूर्व में सभी कर्मचारी सब-स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, किंतु नए टेंडर में उन्हें सहायक ऑपरेटर कर दिया गया है। इस पर प्रबंधन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उक्त पदनाम को टेंडर से हटाने की बात कही।
